Skip to content

साइकिल से चाँद तक: चांद के सफर पर निकला चंद्रयान 3, इसरो प्रमुख ने बताया- कब होगी सॉफ्ट लैंडिंग

5
(1)

चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3 Launch) सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार को श्रीहरिकोटा से LVM3-M4 रॉकेट के जरिए अपने तीसरे मून मिशन ‘चंद्रयान-3’ को लॉन्च किया. चंद्रयान-3 इसरो के दूसरे लॉन्च पैड से दोपहर 2.35 बजे निर्धारित समय पर धुएं का घना गुबार छोड़ते हुए शानदार ढंग से आकाश की ओर रवाना हुआ. लॉन्चिंग के 16 मिनट बाद लॉन्चिंग माड्यूल रॉकेट से अलग हो जाता है. LVM3-M4 रॉकेट अपनी कैटेगरी में सबसे बड़ा और भारी है जिसे वैज्ञानिक ‘फैट बॉय’ कहते हैं. लॉन्चिंग देखने के लिए मौजूद हजारों दर्शक चंद्रयान-3 के रवाना होते ही खुशी से झूम उठे.

कब होगी चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग

चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) साल 2019 के चंद्रयान-2 का फॉलोअप मिशन है. चंद्रयान-2 साल 2019 में सॉफ्ट लैंडिंग नहीं कर पाया था. भारत के इस तीसरे मून मिशन में भी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग करना है. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने इसरो के वैज्ञानिकों के हवाले से बताया है कि लैंडर मॉड्यूल चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरेगा. इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने सफलतापूर्वक लॉन्चिंग के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यदि सब कुछ ठीक रहा तो चंद्रयान की 23 अगस्त, शाम 5.47 बजे IST पर चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग होगी.”

लैंडिंग बेहद महत्वपूर्ण है

चंद्रयान-3 मिशन के लॉन्चिंग के बाद इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है. लैंडिंग बहुत महत्वपूर्ण है. जब तक आप नहीं उतरते, आप नमूने नहीं ले सकते, आप इंसानों को नहीं उतार सकते, आप चंद्रमा के आधार नहीं बना सकते. इसलिए लैंडिंग चंद्रयान-3 मिशन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.

उन्होंने आगे कहा कि हमने पहले साल में देखा कि पहले क्या गलती की थी और उसके बाद दूसरे साल में क्या सुधार किया जाए कि ये बेहतर हो. फिर हमने देखा कि और क्या गलती हुई थी, क्योंकि कुछ समस्याएं छिपी होती है जो हमने समीक्षा और टेस्ट द्वारा पता लगाया. तीसरे साल हमने सभी टेस्टिंग की और अंतिम साल में हमने अंतिम संयोजन और तैयारी की. मैं इस कार्य के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं.

भारत अन्तरिक्ष क्षेत्र में काफी मजबूत हो रहा है

लॉन्च के समय स्पेस सेंटर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे. सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में अब हम केवल रॉकेट लॉन्च करने तक ही सीमित नहीं हैं. दुनिया अब नेतृत्व करने के लिए हमारी ओर देख रही है, पहले दुनिया हमें इस तरह नहीं देखती थी. उन्होंने कहा कि पूरा मिशन स्वदेशी है, यह आत्मनिर्भर भारत के मंत्र पर खरा उतर रहा है. यह आने वाले वर्षों में एक वैश्विक खिलाड़ी के रूप में, एक अग्रणी वैश्विक खिलाड़ी के रूप में भारत की भूमिका को भी दोहराएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा

फ्रांस के दो दिवसीय दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान-3 लॉन्च की बधाई देते हुए कहा कि चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक शानदार चैप्टर की शुरुआत की है. पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ”यह भारत के हर व्यक्ति के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर ले जाते हुए ऊंचाइयों को छू रहा है. यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है. मैं उनके उत्साह और प्रतिभा को सलाम करता हूं.

How good was this post?

Make it better by giving 5 stars

Average rating 5 / 5. Total rating : 1

Be the first to rate

We are sorry that this post was not useful for you!

Let us improve this post!

Tell us how we can improve this post?

Telegram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *